कीड़े कर रहे हैं ताज को मटमैला, पर्यटन मंत्री का राज्यसभा में बयान
राज्यसभा में पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने बताया कि कीड़े की वजह से ताजमहल मटमैला हो रहा है। हालांकि ये असर अस्थायी है।
नई दिल्ली, प्रेट्र । कीड़े की एक प्रजाति द्वारा त्यागी गई गंदगी कारण ताजमहल का हिस्सा मटमैला हो रहा है। इस आशय की जानकारी देते हुए सरकार ने बुधवार को जोर देकर कहा कि यह अस्थायी असर है। साधारण उपचार के बाद संगमरमर फिर से अपने असली रंग में आ जाएगा।
राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि ताजमहल के रंग में बदलाव सरकार के ध्यान में है। यह परिवर्तन जीओल्डीसिरोनॉमस नाम के कीड़े के त्यागे गए मल और गंदगी के कारण हो रहा है। मंत्री ने हालांकि यह भी कहा है कि यह अस्थायी असर है। प्रभावित सतह की साधारण सफाई और धुलाई के बाद संगमरमर का असली रंग बहाल हो जाएगा।
कीड़े के प्रजनन से संबंधित एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारतीय पुरातत्व विभाग इस पर नजर रखे हुए है। पर्यावरणीय क्षति पर अंकुश लगाने के लिए सरकार की ओर से हो रही कार्रवाई के बारे में शर्मा ने कहा कि पुरातत्व विभाग स्मारक के संरक्षण की देखरेख में जुटा हुआ है।