पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह कांग्रेस दिग्गजों के साथ पहुंचे बयान दर्ज कराने
विधानसभा के फर्जी नियुक्ति मामले में आज निर्धारित समय से दस मिनिट पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मामले की जांच कर रहे सीएसपी सलीम खान के कंट्रोल रूम स्थित दफ्तर में पहुंच गए। सीएसपी ऑफिस में केवल सिंह और उनके वकील अजय गुप्ता को ही प्रवेश दिया गया। ज्यादा भीड़
भोपाल। विधानसभा के फर्जी नियुक्ति मामले में आज निर्धारित समय से दस मिनिट पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मामले की जांच कर रहे सीएसपी सलीम खान के कंट्रोल रूम स्थित दफ्तर में पहुंच गए। सीएसपी ऑफिस में केवल सिंह और उनके वकील अजय गुप्ता को ही प्रवेश दिया गया। ज्यादा भीड़ बढ़ने की वजह से कंट्रोल रूम के सामने का रास्ता वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है।
आज सुबह दिग्विजय सिंह के आठ बंगला स्थित निवास पर प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया, मीनाक्षी नटराजन, जोधाराम गुर्जर, पीसी शर्मा, जहीर अहमद, गोविंद गोयल सहित कई कार्यकर्ता सिंह के बंगले पहुंचे। दिग्विजय सिंह संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं, दिग्विजय सिंह जिंदाबाद के नारों के बीच काफी देर तक उनका निवास गूंजायमान रहा।
सीएसपी जहांगीराबाद के ऑफिस के लिए वे जब निकले तो लोगों ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। जिंदाबाद के नारे और तेज स्वर में गूंजने लगे। सिंह की गाड़ी में पीछे की सीट पर अरुण यादव और कांतिलाल भूरिया के साथ सिंह के वकील अजय गुप्ता भी थे। वे तमाम दस्तावेजों के साथ अपनी गाड़ी में सवार हुए। पीछे की गाड़ी में उनके सुपुत्र और विधायक जयवर्द्धन सिंह थे। उनकी गाड़ी निवास से रवाना होने के पहले देखते ही देखते वाहनों की रैली जैसी तैयार हो गई और यह रैली पुलिस कंट्रोल रूम पहुंची तो वहां पुलिस का सख्त इंतजाम था। भीतर केवल सिंह और उनके वकील गुप्ता को ही जाने दिया गया। इससे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।