गोमांस पर विवादित बयान देने वाले नेताओं को अमित शाह की चेतावनी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने गोमांस पर विवादित बयान देने पर रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा, विधायक संगीत सोम और सांसद साक्षी महाराज को चेतावनी दी है।
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने गोमांस पर विवादित बयान देने पर रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा, विधायक संगीत सोम और सांसद साक्षी महाराज को चेतावनी दी है।
सूत्रों के मुताबिक, इन नेताओं की बयानबाजी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नाराज हैं। इस कारण अमित शाह ने इन्हें दिल्ली तलब किया है। इन्होंने दिल्ली में अमित शाह के साथ मीटिंग की। अमित शाह ने इन नेताओं को आगे से इस तरह के विवादित बयान न देने की चेतावनी दी है।
इस बीच, संगीत सोम ने कहा है कि हम भाजपा अध्यक्ष से मिलने के लिए आए थे। उनसे पार्टी मामलों पर चर्चा हुई है। वहीं, साक्षी महाराज ने कहा है कि मुझसे कोई सफाई मांगी ही नहीं और मैंने कोई सफाई नहीं दी। मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यह मीटिंग पहले से ही तय थी। इसमें हर मुद्दे पर चर्चा हुई है। केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा ने भी कहा है कि उनसे भी कोई सफाई नहीं मांगी गई है।
गौरतलब है कि साक्षी महाराज ने कहा था कि देश में ऐसा कानून होना चाहिए, जिसमें गोहत्या करने वालों के लिए मौत की सजा का प्रावधान हो। उन्होंने जम्मू-कश्मीर विधानसभा में निर्दलीय विधायक इंजीनियर रशीद की भाजपा विधायकों द्वारा पिटाई किए जाने का बचाव करते हुए कहा कि यह रशीद के कार्य के प्रति स्वाभाविक प्रतिक्रिया थी। श्रीनगर में कथित रूप से गोमांस पार्टी देने के बाद रशीद की विधानसभा में पिटाई की गई थी। महाराज के मुताबिक, रशीद के कार्य से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची थी और इसी कारण उनकी पिटाई हुई। भुवनेश्वर में अंतरराष्ट्रीय हिंदू महासंघ के एक कार्यक्रम में उन्नाव (उत्तर प्रदेश) से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि नेताओं को अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है, नहीं तो लोगों द्वारा उनकी पिटाई हो सकती है।
मनोहर लाल खट्टर ने कहा था कि मुसलमानों को देश में रहने के लिए गोमांस खाना छोड़ देना चाहिए। उनके इस बयान से पार्टी ने किनारा कर लिया था। पार्टी का कहना है कि भाजपा की ऐसी विचारधारा नहीं है। वहीं, राकांपा ने इस मामले में राष्ट्रपति के दखल की मांग की थी।
इन नेताओं ने पिछले दिनों विवादास्पद बयान दिए हैं, जिसके लिए पार्टी को शर्मिंदा होना पड़ा। पीएम मोदी की चेतावनी के बाद भी भाजपा के कई नेता विवादास्पद बयान देने से बाज नहीं आ रहे हैं। इन बयानवीरों की वजह से ही विपक्ष को हमलावर होने का मौका मिल रहा है।
दादरी में गाय को मारने की अफवाह पर एक शख्स की पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मसले पर अब तक सियासत हो रही है। घटना के विरोध में अब तक कई लेखक पुरस्कार लौटा चुके हैं।
पढ़ेंः दादरी की तरह शिमला में भी शक होने पर भीड़ ने की एक शख्स की हत्या