सद्भाव बढ़ा रही फैज खान की गो कथा
पूरे देश में जहां गोहत्या को लेकर हंगामा मचा हुआ है, वहीं झारखंड के लातेहार में गो कथा वाचक फैज खान का प्रवचन हिंदू-मुस्लिम सद्भाव को मजबूत कर रहा है।
जासं, लातेहार। पूरे देश में जहां गोहत्या को लेकर हंगामा मचा हुआ है, वहीं झारखंड के लातेहार में गो कथा वाचक फैज खान का प्रवचन हिंदू-मुस्लिम सद्भाव को मजबूत कर रहा है। गुरुवार को जिले के बालूमाथ में तीन दिवसीय गो कथा का शुभारंभ हुआ। हजारों की भीड़ को संबोधित करते हुए कथावाचक फैज खान ने कहा कि गाय विश्व की माता है। गाय हिंदू या मुस्लिम किसी का विषय नहीं है अंग्रेजों ने दो पक्षों के बीच गाय को एक मुद्दा बनाकर फूट डालो और राज करो की नीति अपनाई थी।
गाय संपूर्ण जगत के मानव का कल्याण करने वाली है। खान ने कहा कि गाय काटने का अधिकार किसी भी धर्म में नहीं है। प्रवचन में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के हजारों लोग जुटे हैं। गुजरात के रहनेवाले फैज खान पेशे से प्रोफेसर हैं और पांच वर्षो से गौ कथा कह रहे हैं। वह कुछ वर्ष पूर्व गौ कथा के जनक पंडित गोपालमणि महाराज के संपर्क में आए और गाय से होनेवाले लाभ के बारे में जानकारी ली।